श्री घुश्मेश्वर ज्योतिर्लिंग – 12



Ghrishneshwara Jyotirling

द्वादश ज्योतिर्लिंग स्तोत्र से श्री घुश्मेश्वर ज्योतिर्लिंग का श्लोक

इलापुरे रम्यविशालकेऽस्मिन्
समुल्लसन्तं च जगद्वरेण्यम्।
वन्दे महोदारतरस्वभावं
घृष्णेश्वराख्यं शरणम् प्रपद्ये॥12॥

अर्थ: –
जो इलापुरके सुरम्य मन्दिरमें विराजमान होकर
समस्त जगत के आराधनीय हो रहे हैं,
जिनका स्वभाव बड़ा ही उदार है,
उन घृष्णेश्वर नामक ज्योतिर्मय भगवान् शिवकी शरणमें मैं जाता हूँ॥12॥


महाराष्ट्र में श्री घुश्मेश्वर ज्योतिर्लिंग

बारह ज्योतिर्लिंग

द्वादश ज्योतिर्लिंग स्तोत्र

द्वादश ज्योतिर्लिंगों में यह अंतिम ज्योतिर्लिंग है।

इसे घुश्मेश्वर, घुसृणेश्वर या घृष्णेश्वर भी कहा जाता है।

यह महाराष्ट्र प्रदेश में दौलताबाद से बारह मील दूर वेरुळ गाँव के पास स्थित है।

इस ज्योतिर्लिंग के विषय में पुराणों में यह कथा वर्णित है –


श्री घुश्मेश्वर ज्योतिर्लिंग की कथा

दक्षिण देश में देवगिरिपर्वत के निकट सुधर्मा नामक एक अत्यंत तेजस्वी तपोनिष्ट ब्राह्मण रहता था। उसकी पत्नी का नाम सुदेहा था दोनों में परस्पर बहुत प्रेम था।

किसी प्रकार का कोई कष्ट उन्हें नहीं था।

लेकिन उन्हें कोई संतान नहीं थी।

ज्योतिष-गणना से पता चला कि सुदेहा के गर्भ से संतानोत्पत्ति हो ही नहीं सकती।

सुदेहा संतान की बहुत ही इच्छुक थी।

उसने सुधर्मा से अपनी छोटी बहन से दूसरा विवाह करने का आग्रह किया।

पहले तो सुधर्मा को यह बात नहीं जँची।

लेकिन अंत में उन्हें पत्नी की जिद के आगे झुकना ही पड़ा।

वे उसका आग्रह टाल नहीं पाए। वे अपनी पत्नी की छोटी बहन घुश्मा को ब्याह कर घर ले आए।

घुश्मा अत्यंत विनीत और सदाचारिणी स्त्री थी।

वह भगवान्‌ शिव की अनन्य भक्ता थी।

प्रतिदिन एक सौ एक पार्थिव शिवलिंग बनाकर हृदय की सच्ची निष्ठा के साथ उनका पूजन करती थी।

भगवान शिवजी की कृपा से थोड़े ही दिन बाद उसके गर्भ से अत्यंत सुंदर और स्वस्थ बालक ने जन्म लिया।

बच्चे के जन्म से सुदेहा और घुश्मा दोनों के ही आनंद का पार न रहा।

दोनों के दिन बड़े आराम से बीत रहे थे।

लेकिन न जाने कैसे थोड़े ही दिनों बाद सुदेहा के मन में एक कुविचार ने जन्म ले लिया।

वह सोचने लगी, मेरा तो इस घर में कुछ है नहीं।

सब कुछ घुश्मा का है।

अब तक सुधर्मा के मन का कुविचार रूपी अंकुर एक विशाल वृक्ष का रूप ले चुका था।

मेरे पति पर भी उसने अधिकार जमा लिया। संतान भी उसी की है। यह कुविचार धीरे-धीरे उसके मन में बढ़ने लगा।

इधर घुश्मा का वह बालक भी बड़ा हो रहा था।

धीरे-धीरे वह जवान हो गया। उसका विवाह भी हो गया।

अब तक सुधर्मा के मन का कुविचार रूपी अंकुर एक विशाल वृक्ष का रूप ले चुका था।

अंततः एक दिन उसने घुश्मा के युवा पुत्र को रात में सोते समय मार डाला।

उसके शव को ले जाकर उसने उसी तालाब में फेंक दिया,
जिसमें घुश्मा प्रतिदिन पार्थिव शिवलिंगों को फेंका करती थी।

सुबह होते ही सबको इस बात का पता लगा।

पूरे घर में कुहराम मच गया।

सुधर्मा और उसकी पुत्रवधू दोनों सिर पीटकर फूट-फूटकर रोने लगे।

लेकिन घुश्मा नित्य की भाँति भगवान्‌ शिव की आराधना में तल्लीन रही।

जैसे कुछ हुआ ही न हो।

पूजा समाप्त करने के बाद वह पार्थिव शिवलिंगों को तालाब में छोड़ने के लिए चल पड़ी।

जब वह तालाब से लौटने लगी उसी समय उसका प्यारा लाल तालाब के भीतर से निकलकर आता हुआ दिखलाई पड़ा।

वह सदा की भाँति आकर घुश्मा के चरणों पर गिर पड़ा।

जैसे कहीं आस-पास से ही घूमकर आ रहा हो।

इसी समय भगवान्‌ शिव भी वहां प्रकट होकर घुश्मा से वर मांगने को कहने लगे।

वह सुदेहा की घनौनी करतूत से अत्यंत क्रुद्ध हो उठे थे।

अपने त्रिशूल द्वारा उसका गला काटने को उद्यत दिखलाई दे रहे थे।

घुश्मा ने हाथ जोड़कर भगवान्‌ शिव से कहा-

“प्रभो! यदि आप मुझ पर प्रसन्न हैं तो मेरी उस अभागिन बहन को क्षमा कर दें। निश्चित ही उसने अत्यंत जघन्य पाप किया है, किंतु आपकी दया से मुझे मेरा पुत्र वापस मिल गया।

अब आप उसे क्षमा करें और प्रभो!

मेरी एक प्रार्थना और है,
लोक-कल्याण के लिए आप इस स्थान पर सर्वदा के लिए निवास करें।”

भगवान्‌ शिव ने उसकी ये दोनों बातें स्वीकार कर लीं।

ज्योतिर्लिंग के रूप में प्रकट होकर वह वहीं निवास करने लगे।

सती शिवभक्त घुश्मा के आराध्य होने के कारण वे यहां घुश्मेश्वर महादेव के नाम से विख्यात हुए।

घुश्मेश्वर-ज्योतिर्लिंग की महिमा पुराणों में बहुत विस्तार से वर्णित की गई है।

इनका दर्शन लोक-परलोक दोनों के लिए अमोघ फलदाई है।


शिवपुराण में श्री घुश्मेश्वर ज्योतिर्लिंग कथा

घुश्मेश्वर परमेश्वरलिंगके प्रादुर्भाव और उसकी महिमाका वर्णन – शिवपुराण से

बारह ज्योतिर्लिंग

Shiv Stotra Aarti List

शिवपुराण के कोटिरुद्रसंहिता खंड के अध्याय 32, 33 में श्री घुश्मेश्वर ज्योतिर्लिंग के प्रादुर्भावकी कथा और उसकी महिमा दी गयी है।

सूतजी कहते हैं –

अब मैं घुश्मेश नामक ज्योतिर्लिंगके प्रादुर्भावका और उसके माहात्म्यका वर्णन करूँगा।

मुनिवरो! ध्यान देकर सुनो।

दक्षिणदिशामें एक श्रेष्ठ पर्वत है, जिसका नाम देवगिरि है।

वह देखनेमें अद्भुत तथा नित्य परम शोभासे सम्पन्न है।

उसीके निकट कोई भरद्वाजकुलमें उत्पन्न सुधर्मा नामक ब्रह्मवेत्ता ब्राह्मण रहते थे।

उनकी प्रिय पत्नीका नाम सुदेहा था, वह सदा शिवधर्मके पालनमें तत्पर रहती थी, घरके काम-काजमें कुशल थी और सदा पतिकी सेवामें लगी रहती थी।

द्विजश्रेष्ठ सुधर्मा भी देवताओं और अतिथियोंके पूजक थे।

वे वेदवर्णित मार्गपर चलते और नित्य अग्निहोत्र किया करते थे।

तीनों कालकी संध्या करनेसे उनकी कान्ति सूर्यके समान उद्दीप्त थी।

वे वेद-शास्त्रके मर्मज्ञ थे और शिष्योंको पढ़ाया करते थे।

धनवान् होनेके साथ ही बड़े दाता थे।

सौजन्य आदि सद्‌गुणोंके भाजन थे।

शिवसम्बन्धी पूजनादि कार्यमें ही सदा लगे रहते थे।

वे स्वयं तो शिवभक्त थे ही, शिवभक्तोंसे बड़ा प्रेम रखते थे।

शिवभक्तोंको भी वे बहुत प्रिय थे।

यह सब कुछ होनेपर भी उनके पुत्र नहीं था।

इससे ब्राह्मणको तो दुःख नहीं होता था, परंतु उनकी पत्नी बहुत दुःखी रहती थी।

पड़ोसी और दूसरे लोग भी उसे ताना मारा करते थे।

वह पतिसे बार-बार पुत्रके लिये प्रार्थना करती थी।

पति उसको ज्ञानोपदेश देकर समझाते थे, परंतु उसका मन नहीं मानता था।

अन्ततोगत्वा ब्राह्मणने कुछ उपाय भी किया, परंतु वह सफल नहीं हुआ।

तब ब्राह्मणीने अत्यन्त दुःखी हो बहुत हठ करके अपनी बहिन घुश्मासे पतिका दूसरा विवाह करा दिया।

विवाहसे पहले सुधर्माने उसको समझाया कि “इस समय तो तुम बहिनसे प्यार कर रही हो; परंतु जब इसके पुत्र हो जायगा, तब इससे स्पर्धा करने लगोगी।”

उसने वचन दिया कि मैं बहिनसे कभी डाह नहीं करूँगी।

विवाह हो जानेपर घुश्मा दासीकी भाँति बड़ी बहिनकी सेवा करने लगी।

सुदेहा भी उसे बहुत प्यार करती रही।

घुश्मा अपनी शिवभक्ता बहिनकी आज्ञासे नित्य एक सौ एक पार्थिव शिवलिंग बनाकर विधिपूर्वक पूजा करने लगी।

पूजा करके वह निकटवर्ती तालाबमें उनका विसर्जन कर देती थी।

शंकरजीकी कृपासे उसके एक सुन्दर सौभाग्यवान् और सद्‌गुणसम्पन्न पुत्र हुआ।

घुश्माका कुछ मान बढ़ा।

इससे सुदेहाके मनमें डाह पैदा हो गयी।

समयपर उस पुत्रका विवाह हुआ।

पुत्रवधू घरमें आ गयी।

अब तो वह और भी जलने लगी।

उसकी बुद्धि भ्रष्ट हो गयी और एक दिन उसने रातमें सोते हुए पुत्रको छुरेसे उसके शरीरके टुकड़े-टुकड़े करके मार डाला और कटे हुए अंगोंको उसी तालाबमें ले जाकर डाल दिया, जहाँ घुश्मा प्रतिदिन पार्थिवलिंगोंका विसर्जन करती थी।

पुत्रके अंगोंको उस तालाबमें फेंककर वह लौट आयी और घरमें सुखपूर्वक सो गयी।

घुश्मा सबेरे उठकर प्रतिदिनका पूजनादि कर्म करने लगी।

श्रेष्ठ ब्राह्मण सुधर्मा स्वयं भी नित्यकर्ममें लग गये।

इसी समय उनकी ज्येष्ठ पत्नी सुदेहा भी उठी और बड़े आनन्दसे घरके काम-काज करने लगी; क्योंकि उसके हृदयमें पहले जो ईर्ष्याकी आग जलती थी, वह अब बुझ गयी थी।

प्रातःकाल जब बहूने उठकर पतिकी शय्याको देखा तो वह खूनसे भीगी दिखायी दी और उसपर शरीरके कुछ टुकड़े दृष्टिगोचर हुए, इससे उसको बड़ा दुःख हुआ।

उसने सास (घुश्मा)-के पास जाकर निवेदन किया – “उत्तम व्रतका पालन करनेवाली आर्ये! आपके पुत्र कहाँ गये? उनकी शय्या रक्तसे भीगी हुई है और उसपर शरीरके कुछ टुकड़े दिखायी देते हैं।

हाय! मैं मारी गयी! किसने यह दुष्ट कर्म किया है?”

ऐसा कहकर वह बेटेकी प्रिय पत्नी भाँति-भाँतिसे करुण विलाप करती हुई रोने लगी।

सुधर्माकी बड़ी पत्नी सुदेहा भी उस समय “हाय! मैं मारी गयी।” ऐसा कहकर दुःखमें डूब गयी।

उसने ऊपरसे तो दुःख किया, किंतु मन-ही-मन वह हर्षसे भरी हुई थी! घुश्मा भी उस समय उस वधूके दुःखको सुनकर अपने नित्य पार्थिव-पूजनके व्रतसे विचलित नहीं हुई।

उसका मन बेटेको देखनेके लिये तनिक भी उत्सुक नहीं हुआ।

उसके पतिकी भी ऐसी ही अवस्था थी।

जबतक नित्य-नियम पूरा नहीं हुआ, तबतक उन्हें दूसरी किसी बातकी चिन्ता नहीं हुई।

दोपहरको पूजन समाप्त होनेपर घुश्माने अपने पुत्रकी भयंकर शय्यापर दृष्टिपात किया, तथापि उसने मनमें किंचिन्मात्र भी दुःख नहीं माना।

वह सोचने लगी – “जिन्होंने यह बेटा दिया था, वे ही इसकी रक्षा करेंगे।

वे भक्तप्रिय कहलाते हैं, कालके भी काल हैं और सत्पुरुषोंके आश्रय हैं।

एकमात्र वे प्रभु सर्वेश्वर शम्भु ही हमारे रक्षक हैं।

वे माला गूँथनेवाले पुरुषकी भाँति जिनको जोड़ते हैं, उनको अलग भी करते हैं।

अतः अब मेरे चिन्ता करनेसे क्या होगा।” इस तत्त्वका विचार करके उसने शिवके भरोसे धैर्य धारण किया और उस समय दुःखका अनुभव नहीं किया।

वह पूर्ववत् पार्थिव शिवलिंगोंको लेकर स्वस्थचित्तसे शिवके नामोंका उच्चारण करती हुई उस तालाबके किनारे गयी।

उन पार्थिव लिंगोंको तालाबमें डालकर जब वह लौटने लगी तो उसे अपना पुत्र उसी तालाबके किनारे खड़ा दिखायी दिया।

सूतजी कहते हैं – ब्राह्मणो! उस समय वहाँ अपने पुत्रको जीवित देखकर उसकी माता घुश्माको न तो हर्ष हुआ और न विषाद।

वह पूर्ववत् स्वस्थ बनी रही।

इसी समय उसपर संतुष्ट हुए ज्योतिःस्वरूप महेश्वर शिव शीघ्र उसके सामने प्रकट हो गये।

शिव बोले – सुमुखि! मैं तुमपर प्रसन्न हूँ।

वर माँगो।

तेरी दुष्टा सौतने इस बच्चेको मार डाला था।

अतः मैं उसे त्रिशूलसे मारूँगा।

सूतजी कहते हैं – तब घुश्माने शिवको प्रणाम करके उस समय यह वर माँगा – “नाथ! यह सुदेहा मेरी बड़ी बहिन है, अतः आपको इसकी रक्षा करनी चाहिये।”

शिव बोले –
उसने तो बड़ा भारी अपकार किया है, तुम उसपर उपकार क्यों करती हो?
दुष्ट कर्म करनेवाली सुदेहा तो मार डालनेके ही योग्य है।

घुश्माने कहा – देव! आपके दर्शनमात्रसे पातक नहीं ठहरता।

इस समय आपका दर्शन करके उसका पाप भस्म हो जाय।

“जो अपकार करनेवालोंपर भी उपकार करता है,
उसके दर्शनमात्रसे पाप बहुत दूर भाग जाता है।”

प्रभो! यह अद्भुत भगवद्‌वाक्य मैंने सुन रखा है।

इसलिये सदाशिव! जिसने ऐसा कुकर्म किया है, वही करे; मैं ऐसा क्यों करूँ (मुझे तो बुरा करनेवालेका भी भला ही करना है)।

सूतजी कहते हैं – घुश्माके ऐसा कहनेपर दयासिन्धु भक्तवत्सल महेश्वर और भी प्रसन्न हुए तथा इस प्रकार बोले – “घुश्मे! तुम कोई और भी वर माँगो।

मैं तुम्हारे लिये हितकर वर अवश्य दूँगा; क्योंकि तुम्हारी इस भक्तिसे और विकारशून्य स्वभावसे मैं बहुत प्रसन्न हूँ।”

भगवान् शिवकी बात सुनकर घुश्मा बोली –

“प्रभो! यदि आप वर देना चाहते हैं तो लोगोंकी रक्षाके लिये सदा यहाँ निवास कीजिये और मेरे नामसे ही आपकी ख्याति हो।”

तब महेश्वर शिवने अत्यन्त प्रसन्न होकर कहा –

“मैं तुम्हारे ही नामसे घुश्मेश्वर कहलाता हुआ सदा यहाँ निवास करूँगा और सबके लिये सुखदायक होऊँगा।

मेरा शुभ ज्योतिर्लिंग घुश्मेश नामसे प्रसिद्ध हो।

यह सरोवर शिवलिंगोंका आलय हो जाय और इसीलिये इसकी तीनों लोकोंमें शिवालय नामसे प्रसिद्धि हो।

यह सरोवर सदा दर्शनमात्रसे सम्पूर्ण अभीष्टोंका देनेवाला हो।

सुव्रते! तुम्हारे वंशमें होनेवाली एक सौ एक पीढ़ियोंतक ऐसे ही श्रेष्ठ पुत्र उत्पन्न होंगे, इसमें संशय नहीं है।

वे सब-के-सब सुन्दरी स्त्री, उत्तम धन और पूर्ण आयुसे सम्पन्न होंगे, चतुर और विद्वान् होंगे, उदार तथा भोग और मोक्षरूपी फल पानेके अधिकारी होंगे।

एक सौ एक पीढ़ियोंतक सभी पुत्र गुणोंमें बढ़े-चढ़े होंगे।

तुम्हारे वंशका ऐसा विस्तार बड़ा शोभादायक होगा।”

ऐसा कहकर भगवान् शिव वहाँ ज्योतिर्लिंगके रूपमें स्थित हो गये।

उनकी घुश्मेश नामसे प्रसिद्धि हुई और उस सरोवरका नाम शिवालय हो गया।

सुधर्मा, घुश्मा और सुदेहा – तीनोंने आकर तत्काल ही उस शिवलिंगकी एक सौ एक दक्षिणावर्त परिक्रमा की।

पूजा करके परस्पर मिलकर मनका मैल दूर करके वे सब वहाँ बड़े सुखका अनुभव करने लगे।

पुत्रको जीवित देख सुदेहा बहुत लज्जित हुई और पति तथा घुश्मासे क्षमा-प्रार्थना करके उसने अपने पापके निवारणके लिये प्रायश्चित्त किया।

मुनीश्वरो! इस प्रकार वह घुश्मेश्वर लिंग प्रकट हुआ।

उसका दर्शन और पूजन करनेसे सदा सुखकी वृद्धि होती है।

ब्राह्मणो! इस तरह मैंने तुमसे बारह ज्योतिर्लिंगोंकी महिमा बतायी।

ये सभी लिंग सम्पूर्ण कामनाओंके पूरक तथा भोग और मोक्ष देनेवाले हैं।

जो इन ज्योतिर्लिंगोंकी कथाको पढ़ता और सुनता है, वह सब पापोंसे मुक्त हो जाता तथा भोग और मोक्ष पाता है।


बारह ज्योतिर्लिंग की कथाएं



Shiv Stotra Mantra Aarti Chalisa Bhajan


List